
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इंफाल पूर्व के लुवांगसांगबाम स्थित निजी घर पर गुरुवार रात उपद्रवी हमला करने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उनको घर से करीब 500 मीटर पहले ही रोक लिया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दाग कर उपद्रवियों को खदेड़ दिया। हमले के प्रयास के बाद सीएम के घर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
इस बीच राज्य में जुलाई से लापता दो मैतेई स्टूडेंट्स की डेड बॉडीज की तस्वीरें सामने आने के बाद हिंसा फिर भड़क गई है। बुधवार को राजधानी इंफाल समेत कई जगहों पर प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़प हुई।
प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में छात्र शामिल थे। इस हिंसा में 50 घायल हुए हैं जिनमें से ज्यादातर स्कूली छात्र हैं। हैरान करने वाली बात ये है कि जिन इलाकों में हिंसा भड़की है उन्हें मणिपुर सरकार ने ‘शांतिपूर्ण’ घोषित कर AFSPA से दूर रखा है।
बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने थोबुल जिले में बीजेपी ऑफिस में भी आग लगा दी, उधर इंफाल में बीजेपी अध्यक्ष शारदा देवी के घर पर हमला किया और मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह का पुतला जलाया गया। इंफाल वेस्ट जिले में प्रदर्शनकारियों ने डिप्टी कलेक्टर के घर में आगजनी की कोशिश की। घर के कैंपस में खड़ी दो कारों को आग लगी दी और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए।
इंफाल में प्रदर्शनकारियों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले, नकली बम फेंके और पैलेट गन चलाई। इंफाल के सिंग जामेई इलाके के 20 साल के एस उत्तम नाम के छात्र के सिर में कई छर्रे घुसने से उसकी हालत गंभीर है।
हालांकि इस हिंसा के बाद राज्य में AFSPA फिर से छह महीने के लिए बढ़ाने का फैसला विवादों में आ गया है। जिन इलाकों में हिंसा हो रही है उन्हें शांतिपूर्ण बताकर आर्म्ड फोर्सेज एक्ट से दूर रखा गया है।

इधर, मणिपुर के DGP राजीव सिंह ने पैलेट गन चलने के मामले में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। समिति की अध्यक्षता के. जयंत सिंह, आईजीपी (प्रशासन) करेंगे। उनके साथ सीनियर अफसर टीएच और सनातोम्बा सिंह एएआईजी (प्रशासन), पीएचक्यू समिति में रहेंगे।
वहीं, ह्यूमन राइट एक्टिविस्ट इरोम शर्मिला ने मणिपुर हिंसा के लिए बीरेन सिंह सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने AFSPA को बढ़ाने के फैसले का विरोध करते हुए कहा- इस कानून से मणिपुर के संघर्ष का समाधान कभी नहीं होगा।
श्रीनगर के SSP का मणिपुर ट्रांसफर, NIA और पुलवामा हमले की जांच टीम में रहे

केंद्र सरकार ने श्रीनगर के SSP राकेश बलवाल को जम्मू-कश्मीर से मणिपुर ट्रांसफर कर दिया है। बलवाल 2012 बैच के IPS अफसर हैं। वे 2021 के अंत में श्रीनगर के SSP बनाए गए थे। हिंसा के बीच उन्हें मूल कैडर मणिपुर भेजा गया है।
श्रीनगर SSP के रूप में कार्यभार संभालने से पहले बलवाल साढ़े 3 साल तक NIA में बतौर SP प्रतिनियुक्ति पर थे। बलावल उस टीम के मेंबर थे, जिसने 2019 पुलवामा आतंकी हमले की जांच की थी। इस हमले में 40 CRPF जवानों की जान चली गई थी।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने IPS राकेश बलवाल को AGMUT कैडर से मणिपुर कैडर में समय से पहले वापस भेजने के गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
जहां हिंसा हो रही, उन्हें बताया गया शांतिपूर्ण इलाका

27 सितंबर को जारी नोटिफिकेशन में मैतेई बहुल 19 थानों को AFSPA कानून से दूर रखा गया है। यह 1 अक्टूबर से कुकी-नगा इलाकों में लागू होगा। जिन 19 थाना क्षेत्रों को AFSPA से अलग रखा गया है, उनमें इंफाल, लेंफेल, सिटी, सिंग्जमेई, सेकमई, लामसांग, पत्सोई, वांगोई, पोरोमपट, हेंगेंग, लामलाई, इरिलबुंग, लेमखोंग, थोबुल, बिष्णुपुर, नांबोल, मोइरोंग, काकचिंग और जिरिबम शामिल हैं। चौंकाने वाली बात है कि ये सभी मैतेई इलाके हैं। इन्हें छोड़कर राज्य के बाकी हिस्से को डिस्टर्ब एरिया घोषित किया गया है।
CM बीरेन सिंह और सरकार पर मैतेई समर्थक होने के आरोप
CM बीरेन सिंह और सरकार पर पहले ही मैतेई समर्थक होने के आरोप लगते रहे हैं। ये फैसला विवादों में इसलिए है क्योंकि शांतिपूर्ण घोषित किए गए इंफाल, थोबुल में ही मैतेई लोगों की भीड़ ने आगजनी की और BJP दफ्तर जला दिया।
स्कूल खुलने के बाद इन्हीं इलाकों में स्टूडेंट इकट्ठा हुए और प्रदर्शन किया। इसी के बाद हिंसा फिर भड़की और 50 लोग घायल हुए हैं। ऐसे में हिंसाग्रस्त इलाकों को शांतिपूर्ण बताकर AFSPA से दूर रखा जाना फिलहाल समझ से परे है।

इंफाल वेस्ट के डिप्टी कलेक्टर के घर पर हमला, कारें जलाईं
बुधवार रात करीब 11 बजे प्रदर्शनकारियों ने इंफाल वेस्ट जिले में डिप्टी कलेक्टर के घर पर हमला किया। उनके घर के कैंपस में खड़ी दो गाड़ियों में आग लगा दी, जबकि मेन गेट को तोड़ दिया। एक लैंप पोस्ट को जड़ से उखाड़ दिया और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए।
इन प्रदर्शनकारियों का मकसद डिप्टी कलेक्टर के घर में आग लगाना था। पुलिस को घर के कैंपस में पेट्रोल बम की बोतलें मिली हैं। प्रदर्शनकारियों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और उन्हें नाले में फेंक दिया।

दो दिन में 50 लोग घायल हुए
इंफाल घाटी में पिछले 2 दिन में हुए प्रदर्शन में 50 लोग घायल हुए हैं। इनमें ज्यादातर छात्र हैं। 3 मई से शुरू हुई मणिपुर हिंसा में शुरू से अब तक सरकार और सुरक्षाबलों के खिलाफ लोगों में इतनी नाराजगी देखने को नहीं मिली थी।
पुलिस ने बुधवार को प्रेस नोट जारी कर बताया कि राज्य में बीते 24 घंटे में माहौल तनावपूर्ण रहा, लेकिन हालात पर कंट्रोल किया गया। हिंसा से जुड़ी घटनाओं को लेकर 1697 लोगों को हिरासत में लिया गया है। स्टूडेंट मर्डर केस की जांच के लिए CBI के स्पेशल डायरेक्टर अजय भटनागर अपनी टीम के साथ बुधवार को स्पेशल फ्लाइट से इंफाल पहुंचे।
सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा करने वाली CBI टीम को सुरक्षा देगी।

मणिपुर में बीते दो दिनों से हो रही हिंसा और प्रदर्शन की 6 तस्वीरें…






मणिपुर की ताजा घटनाएं…
23 सितंबर: राज्य में 23 सितंबर को मोबाइल इंटरनेट से बैन हटने के बाद दो स्टूडेंट्स के शवों की फोटो सामने आई थी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। फोटो में दोनों की बॉडी जमीन पर पड़ी हुई नजर आ रही है। साथ ही लड़के का सिर कटा हुआ है। हालांकि, दोनों के शव अभी तक नहीं मिले हैं। जुलाई में दोनों स्टूडेंट्स एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में दिखाई दिए थे, लेकिन उसके बाद से उनका पता नहीं चल सका है।
26 सितंबर: इंफाल शहर में 26 सितंबर को सुरक्षाबलों और स्टूडेंट्स के बीच झड़प हुई। इसमें 1 टीचर सहित 54 छात्र घायल हो गए। स्टूडेंट्स जुलाई से लापता दो स्टूडेंट्स की हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के बाद राज्य सरकार ने एक बार फिर मोबाइल इंटरनेट पर 1 अक्टूबर तक के लिए बैन लगा दिया है।
26 सितंबर: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें प्रदर्शन कर रहे लोगों से निपटने के दौरान एक RAF जवान को यह कहते सुना गया कि ये हमारी जाति के नहीं है, जो करना है करो। मणिपुर पुलिस ने इस वीडियो का खंडन किया। पुलिस के मुताबिक, क्लिप में आवाज RAF जवान की नहीं है। सिक्योरिटी फोर्स की इमेज खराब करने के इरादे से यह किया गया।

इन दो तस्वीरों के सामने आने के बाद भड़की हिंसा…
पहली तस्वीर- इसमें दो स्टूडेंट्स 17 साल की हिजाम लिनथोइंगंबी और 20 साल का फिजाम हेमजीत बैठे हुए नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर में छात्रा एक सफेद टी-शर्ट में है, जबकि हेमजीत चेक शर्ट में है और बैकपैक पकड़े हुए है। उनके पीछे दो बंदूकधारी भी नजर आ रहे हैं।

दूसरी तस्वीर- इस तस्वीर में दोनों स्टूडेंट्स के शव झाड़ियों के बीच पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह तस्वीर मणिपुर के किस इलाके की है। पुलिस और जांच एजेंसी शव ढूंढने की कोशिश कर रही हैं।

मणिपुर सरकार ने कहा- मामले की जांच CBI कर रही
दैनिक भास्कर को मुख्यमंत्री ऑफिस के सूत्रों ने बताया- सरकार ने कहा है कि जो भी दोषी हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच CBI कर रही है। सुरक्षाबलों ने अपराधियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान भी शुरू कर दिया है।
लोगों से अपील की गई है कि मामले में संयम बरतें और जांच एजेंसियों को अपना काम करने दें। वहीं, राज्य सरकार ने सभी सरकारी-गैर सरकारी स्कूलों को 27 सितंबर और 29 सितंबर को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने हत्या के मामले को लेकर कहा- केंद्र और राज्य सरकार साथ मिलकर काम कर रही हैं। दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
इधर, गृह मंत्री अमित शाह को 24 विधायकों ने अपने साइन करके एक पत्र भेजा है, जिसमें उन्होंने दोनों स्टूडेंट्स की हत्या के आरोपियों को CBI द्वारा जल्द से जल्द पकड़ने की अपील की है।

खड़गे बोले – खूबसूरत राज्य मणिपुर युद्धक्षेत्र में बदला
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मणिपुर हिंसा को लेकर PM मोदी की आलोचना की। उन्होंने मणिपुर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की। खड़गे ने X (पूर्व टि्वटर) पर पोस्ट किया कि 147 दिनों से मणिपुर के लोग पीड़ित हैं, लेकिन PM मोदी के पास राज्य का दौरा करने का समय नहीं है।
अब यह स्पष्ट है कि हिंसा के खिलाफ इस संघर्ष में महिलाओं और बच्चों को हथियार बनाया गया। खूबसूरत राज्य मणिपुर को युद्ध के मैदान में बदल दिया गया है। यह सब BJP की वजह से हो रहा है। अब समय आ गया है कि PM मोदी BJP के अयोग्य मुख्यमंत्री को बर्खास्त करें।
प्रियंका बोलीं- केंद्र को अपनी निष्क्रियता पर शर्म आनी चाहिए
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा- मणिपुर में बच्चे जातीय हिंसा के सबसे कमजोर शिकार हैं। यह हमारा कर्तव्य है कि हम उनकी रक्षा के लिए हर संभव कोशिश करें। मणिपुर में हो रहे अपराध शब्दों से परे हैं, फिर भी राज्य में अपराधों को बिना किसी रोक-टोक के जारी रहने दिया जा रहा है। केंद्र को अपनी निष्क्रियता पर शर्म आनी चाहिए।
19 जुलाई को महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने का वीडियो वायरल हुआ था

4 मई को ही दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने की घटना थोउबाल जिले में हुई थी। इसका वीडियो 19 जुलाई को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि कुछ लोग दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके ले गए और उनसे अश्लील हरकतें कीं।
एक पीड़ित महिला के पति ने बताया- ‘हजार लोगों की भीड़ ने गांव पर हमला किया था। मैं भीड़ से अपनी पत्नी और गांव वालों को नहीं बचा पाया। पुलिसवालों ने भी हमें सुरक्षा नहीं दी। भीड़ तीन घंटे तक दरिंदगी करती रही। मेरी पत्नी ने किसी तरह एक गांव में पनाह ली।’
वहीं, वीडियो में दिख रही दूसरी महिला की मां ने कहा- ‘अब हम कभी अपने गांव नहीं लौटेंगे। वहां मेरे छोटे लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई, मेरी बेटी को शर्मिंदा किया गया। अब मेरे लिए सब कुछ खत्म हो चुका है।’
अब तक 175 की मौत, 1100 घायल
मणिपुर में पिछले 4 महीने से चल रही जातीय हिंसा में अब तक 175 लोग मारे गए हैं। 1100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इतना ही नहीं 5172 आगजनी के केस सामने आए, जिनमें 4786 घरों और 386 धार्मिक स्थलों को जलाने और तोड़फोड़ करने की घटनाएं शामिल हैं।

हिंसा के बाद 65 हजार से ज्यादा लोगों ने घर छोड़ा
मणिपुर में अब तक 65 हजार से अधिक लोग अपना घर छोड़ चुके हैं। 6 हजार मामले दर्ज हुए हैं और 144 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। राज्य में 36 हजार सुरक्षाकर्मी और 40 IPS तैनात किए गए हैं। पहाड़ी और घाटी दोनों जिलों में कुल 129 चौकियां स्थापित की गईं हैं।
मणिपुर कोर्ट से 5 आरोपियों को जमानत

मणिपुर की स्पेशल NIA कोर्ट ने 22 सितंबर को अत्याधुनिक हथियार रखने और पुलिस की वर्दी पहनने के आरोप में गिरफ्तार पांच आरोपियों को जमानत दे दी। आरोपियों को जमानत शर्तों के साथ 50 हजार रुपए का पर्सनल बॉन्ड भरने के बाद मिली है। हालांकि कोर्ट ने सभी को हर 15 दिन में कोर्ट में मौजूद रहने कहा है।
NIA ने मणिपुर से संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार किया

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने मणिपुर से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अधिकारी ने शनिवार 23 सितंबर को यह जानकारी दी। उनका दावा है कि आरोपी म्यांमार स्थित टेरर ग्रुप का सदस्य है। वो मणिपुर में हो रही जातिया हिंसा का इस्तेमाल देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के लिए करने की साजिश कर रहा था।